2009 में जेम्स कैमरून की शानदार साइंस-फिक्शन फ़िल्म, "अवतार" रिलीज़ हुई थी। अपने अभूतपूर्व दृश्यों और रिकॉर्ड तोड़ बॉक्स ऑफिस सफलता के लिए प्रसिद्ध, "अवतार" एक ऐसी फ़िल्म है जिसके बारे में आज भी लोग बातें करते हैं। लेकिन ऐसा क्यों लगता है कि अक्सर इसकी स्क्रिप्ट के बारे में लोग बात करना भूल जाते हैं? खैर, आज ऐसा नहीं होगा! "अवतार" की पटकथा का PDF डाउनलोड करने के लिए लिंक पर क्लिक करें, और स्क्रिप्ट के मेरे विश्लेषण के लिए आगे पढ़ें!
SoCreate का पटकथा लेखन सॉफ़्टवेयर आज़माएं
आपकी स्क्रिप्ट को फ़ॉर्मेट करने की परेशानी के बिना, पटकथा लेखन को सरल और मज़ेदार बना दिया गया है।
अवतार किसने लिखी थी?
पुरस्कार विजेता फ़िल्म निर्माता जेम्स कैमरून ने "अवतार" को लिखा और निर्देशित किया था। कैमरून "टाइटैनिक" और "द टर्मिनेटर" फ्रैंचाइज़ी सहित अब तक की कुछ सबसे अधिक फायदेमंद फ़िल्मों के लिए ज़िम्मेदार हैं।
अवतार कब आयी थी?
पहली "अवतार" फ़िल्म दिसंबर 2009 में रिलीज़ हुई थी। आगे चलकर यह अब तक की सबसे अधिक कमाई करने वाली फ़िल्म बनी! 13 साल के लंबे इंतज़ार के बाद, इसका सीक्वल, "अवतार: द वे ऑफ़ वॉटर," दिसंबर 2022 में स्क्रीन पर आने वाला है। आगे के सीक्वल "अवतार 3" और "अवतार 4" क्रमशः दिसंबर 2024 और दिसंबर 2026 में रिलीज़ होने की योजना है। यहाँ तक कि "अवतार 5" की भी योजना बनाई गई है, जिसके 2028 में किसी समय रिलीज़ होने की उम्मीद है!
अवतार किस बारे में है?
"अवतार" की कहानी 22वीं शताब्दी में सेट की गई है, जिसमें इंसान एक बहुमूल्य खनिज निकालने के उद्देश्य से पैंडोरा नामक एक रहने योग्य चन्द्रमा पर जाकर बस जाते हैं। उनके इस खनन की वजह से वहाँ रहने वाली मूल जनजाति, नावी, का अस्तित्व खतरे में पड़ जाता है, जो लंबे नीले रंग के इंसान जैसे दिखने वाले जीव हैं। पैंडोरा का वातावरण इंसानों के लिए ज़हरीला है, इसलिए इंसानी वैज्ञानिकों को ग्रह पर घूमने के लिए अपने दिमाग को नावी "अवतारों" में अपलोड करना पड़ता है।
अवतार की पटकथा का विश्लेषण
यहाँ कथानक के पांच बिंदुओं का प्रयोग करके अवतार की पटकथा का विश्लेषण किया गया है।
हम नायक, जैक सली, से मिलने के साथ इस कहानी में कदम रखते हैं, जो एक पूर्व सैनिक है और शहर के मुश्किल इलाके में व्हीलचेयर पर अपनी ज़िन्दगी गुज़ारता है, जिसे हम भविष्य की धरती मान सकते हैं। जैक को अपने वैज्ञानिक जुड़वां भाई की मौत के बारे में पता चलता है।
- प्रेरक घटना
एक खनन कंपनी जैक को पैंडोरा में भर्ती करती है ताकि वह अपने भाई की जगह वैज्ञानिकों की टीम में शामिल हो सके, जो नावी अवतारों का उपयोग करके चंद्रमा की छानबीन करते हैं। वहाँ के विषाक्त (मनुष्यों के लिए) वातावरण से बचने के लिए वैज्ञानिक मानसिक रूप से ख़ुद को अवतारों से जोड़ते हैं। वे अवतार विशेष रूप से मानव प्रयोगकर्ता के लिए बनाए गए हैं, इसलिए जैक एकमात्र ऐसा व्यक्ति है जो अपने मृत जुड़वां भाई के अवतार को संचालित करने में सक्षम है।
- लॉक इन (पहले अंक की समाप्ति)
प्रमुख वैज्ञानिक, ग्रेस, को जैक की योग्यता पर भरोसा नहीं है, लेकिन वो बॉडीगार्ड के तौर पर उसे अपनी टीम में स्वीकार कर लेती है। चन्द्रमा पर वैज्ञानिकों के साथ घूमते समय, स्थानीय जंगली जानवर उनपर हमला कर देते हैं, और जैक अपने समूह से बिछड़ जाता है। नावी की योद्धा नेतिरी न चाहते हुए भी उसे बचा लेती है और उसे अपने कबीले ले आती है, जहाँ उसे रहने की अनुमति मिल जाती है। नावी से अनजान जैक उनके बारे में खुफिया जानकारी जुटाकर खनन कंपनी के सुरक्षा प्रमुख कर्नल क्वारिच को वापस रिपोर्ट करता है।
- पहला समापन (मध्य बिंदु)
प्रशिक्षण के दौरान जैक को नेतिरी के साथ वक़्त बिताने का मौका मिलता है और उनके बीच गहरी दोस्ती हो जाती है। जैक को नावी में स्वीकार कर लिया जाता है और वो उनके कबीले का हिस्सा बन जाता है। जैक और नेतिरी को एक-दूसरे से प्यार हो जाता है और वो कपल बन जाते हैं।
- मुख्य समापन (दूसरे अंक की समाप्ति)
कर्नल क्वारिच नावी पर हमला कर देता है। अपने विश्वासघात पर अपराधबोध महसूस करते हुए, जैक नेतिरी को बता देता है कि वह एक जासूस है, और वो उसे अस्वीकार कर देती है।
- तीसरे अंक का मोड़
इंसान नावी के पवित्र पेड़ पर हमला कर देते हैं, जिसकी वजह से ग्रेस की मौत हो जाती है। पैंडोरा के जीव-जंतु इंसानों के साथ इस लड़ाई में नावी का साथ देते हैं। नेतिरी जैक की जान बचाती है, और उसकी चेतना स्थायी रूप से उसके अवतार में बस जाती है। नावी अधिकांश मनुष्यों को पैंडोरा से भागने पर मजबूर करने में सफल होते हैं।
अवतार क्यों चली?
"अवतार" के मूल में एक आकर्षक लेकिन जानी-पहचानी कहानी है। अक्सर डिज्नी के "पोकाहोंटस" या "डांस विद वोल्व्स" के साथ तुलना की जाने वाली, "अवतार" स्थानीय लोगों के एक समूह के विरुद्ध उपनिवेशवादियों के विनाशकारी कार्यों की कहानी बताती है, और ये सबकुछ वो पैसे, शक्ति और संसाधनों के लिए करते हैं। भले ही दर्शक इसके अंत का अनुमान लगा सकते हैं, फिर भी यह कहानी रोमांचक है। फ़िल्म के अंत का अंदाज़ा लगने के बावजूद भी जैक को सही चीज़ करते हुए और उपनिवेशवादी मनुष्यों के विरुद्ध होते हुए देखना कम संतोषजनक नहीं होता है। अन्य फ़िल्मों से समानता के बावजूद, अवतार एक जानी-पहचानी कहानी को नए और रोमांचक तरीके से पेश करता है।
निष्कर्ष
"अवतार" के बारे में बस इतना ही! मुझे उम्मीद है, स्क्रिप्ट के इस विश्लेषण से आपको यह जानने में मदद मिली होगी कि पटकथा की संरचना को मुख्य बीट्स में कैसे विभाजित किया जाता है। "अवतार" की पटकथा पढ़ें, या अगर आपने यह फ़िल्म नहीं देखी तो ज़रूर देखें! लिखने के लिए शुभकामनाएं!